कर्नाटक में पेट्रोल में 20% से अधिक एथेनॉल मिश्रण के आरोपों पर आईओसी ने दी सफाई। राहुल गांधी ने उठाए सवाल और पीएम मोदी को बहस की चुनौती दी।
कर्नाटक में पेट्रोल में अत्यधिक एथेनॉल मिलाने के आरोपों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती दी है। दूसरी ओर, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने इन दावों का खंडन किया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर दावा किया कि कर्नाटक सरकार द्वारा सात जिलों से लिए गए पेट्रोल के 14 नमूनों की जांच एक मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में कराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इनमें से 11 नमूनों में निर्धारित 20 प्रतिशत की सीमा से अधिक एथेनॉल पाया गया। उनके मुताबिक, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) के नमूनों में एथेनॉल की मात्रा क्रमशः 31.2 प्रतिशत और 30.5 प्रतिशत दर्ज की गई।
सार्वजनिक और निजी कंपनियों पर गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकारी और निजी दोनों ही तेल कंपनियों द्वारा आपूर्ति किए जाने वाले पेट्रोल में यह मिलावट पाई गई है। इनमें आईओसीएल, एचपीसीएल, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL), नायरा एनर्जी और शेल जैसी कंपनियां शामिल हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि इन कंपनियों की अपनी प्रयोगशालाओं ने परीक्षण रिपोर्ट में एथेनॉल की सही मात्रा दर्ज नहीं की।
अपने पोस्ट में उन्होंने कटाक्ष करते हुए लिखा, "E20 बना 420 - जनता की गाड़ी से पेट्रोल चोरी!" उन्होंने कहा कि लोग महंगे पेट्रोल का भुगतान कर रहे हैं और उनकी गाड़ी की टंकी में एथेनॉल भरा जा रहा है, जिससे गाड़ियों का माइलेज कम हो रहा है और इंजन पर असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि देश के वाहनों में असल में क्या भरा जा रहा है और तय सीमा से अधिक एथेनॉल मिलाने वाली कंपनियों पर कब कार्रवाई होगी। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को इस मुद्दे पर बहस करने की अपनी चुनौती को दोहराया।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन का आधिकारिक पक्ष
इस बीच, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने कर्नाटक के कुछ पेट्रोल पंपों पर अत्यधिक एथेनॉल मिश्रण के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। कंपनी ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि ये दावे निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत किए गए परीक्षणों पर आधारित नहीं हैं।
कंपनी के अनुसार, देश के 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 893 नमूनों की जांच की गई, जिनमें कर्नाटक के 56 नमूने भी शामिल थे। ये सभी नमूने निर्धारित 19 से 21 प्रतिशत की एथेनॉल सीमा के भीतर पाए गए। इंडियन ऑयल ने स्पष्ट किया कि उसने बीपीसीएल और एचपीसीएल के साथ मिलकर तथ्यों की सत्यता स्थापित करने के लिए राज्य सरकार के साथ संयुक्त और पारदर्शी परीक्षण का प्रस्ताव दिया है। कंपनी ने यह भी कहा कि वह ईंधन की गुणवत्ता, पारदर्शिता और ग्राहकों के भरोसे के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और लोगों से आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की है।