बरेली के सेक्रेड हार्ट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दीपावली उत्सव के दौरान हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए गए। प्रधानाचार्या और शिक्षकों की मौजूदगी में छात्रों ने मनाई दिवाली।
हजारों दीपों की रोशनी से जगमगाया विद्यालय परिसर, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने साझा कीं दीपावली की खुशियां
बरेली के सेक्रेड हार्ट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दीपावली का पर्व पारंपरिक उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय का विशाल मैदान हजारों दीयों की रोशनी से जगमगा उठा। विद्यार्थियों ने मिलकर मैदान परिसर में दीपों को कलात्मक रूप से सजाया और एक साथ हजारों दीये प्रज्ज्वलित कर दीपावली की खुशियां साझा कीं। दीपों की इस भव्य सजावट और जगमगाहट ने पूरे विद्यालय परिसर को उत्सव के रंगों में रंग दिया।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. उर्मिला वाजपेयी और एकेडमिक डायरेक्टर निर्भय बेनीवाल ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इस आयोजन की रूपरेखा और प्रबंधन खेल विभाग के मार्गदर्शन में तैयार किया गया था। खेल विभाग के एचओडी रिंकू गोम्स के नेतृत्व में खेल शिक्षकों सुष्मिता मिश्रा, शहनवाज खान, सुनील और अमित ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर मैदान में हजारों दीये व्यवस्थित तरीके से सजाए।
दीये जलने के बाद विद्यालय परिसर का दृश्य देखते ही बनता था। रोशनी से सजे इस मैदान में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक तस्वीरें खिंचवाईं और एक-दूसरे को दीपावली की आत्मीय शुभकामनाएं दीं। इस दौरान छात्र-छात्राओं में गजब का उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. उर्मिला वाजपेयी ने अपने संबोधन में इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और पारंपरिक आयोजन विद्यार्थियों में आपसी प्रेम, भाईचारे और भारतीय संस्कृति के प्रति जुड़ाव को मजबूत करते हैं।