छोले से तैयार होने वाला फलाफल स्वाद में शानदार होने के साथ-साथ प्रोटीन और फाइबर से भरपूर एक बेहतरीन विकल्प है।
भागदौड़ भरी जीवनशैली में अक्सर लोगों को यह समझ नहीं आता कि नाश्ते या स्नैक्स में क्या नया और हेल्दी बनाया जाए। रोज-रोज एक ही तरह के सैंडविच या रोल खाकर बोर हो चुके लोगों के लिए फलाफल रोल एक बेहतर और पौष्टिक विकल्प साबित हो सकता है। यह न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट होता है, बल्कि इसे एक पेट भरने वाले मील यानी मुख्य भोजन की तरह भी खाया जा सकता है। इसे घर पर बेहद आसानी से तैयार किया जा सकता है।
फलाफल बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
फलाफल तैयार करने के लिए मुख्य तौर पर सफेद छोले की आवश्यकता होती है। इसके लिए 2 से 3 कप सफेद छोले को रातभर पानी में भिगोकर रखना जरूरी है। इसके अलावा ताजे हर्ब्स के तौर पर हरा धनिया, पुदीना और हरा प्याज लेकर उन्हें बारीक काट लें। स्वाद को बढ़ाने के लिए 7 से 8 लहसुन की कलियों का इस्तेमाल किया जा सकता है। मिश्रण को सही बाइंडिंग देने के लिए आधा कप बेसन की जरूरत होगी। मसालों में आधा चम्मच जीरा पाउडर, आधा चम्मच लाल मिर्च और स्वादानुसार नमक मिलाया जाता है। इसके अलावा फलाफल को हल्का और फ्लफी बनाने के लिए आधा चम्मच बेकिंग पाउडर का उपयोग किया जा सकता है, हालांकि इसे अपनी पसंद के अनुसार स्किप भी किया जा सकता है।
रोल की फिलिंग और अन्य सामग्रियां
फलाफल रोल को आकर्षक और स्वादिष्ट बनाने के लिए पीटा ब्रेड या टॉर्टिला का इस्तेमाल किया जाता है, हालांकि अपनी पसंद की किसी भी रोटी या ब्रेड का चयन किया जा सकता है। रोल के अंदर लगाने के लिए हम्मस या दही का उपयोग होता है। इसके साथ ही प्याज, जलापेनो, टमाटर, लेटस, ऑलिव्स और अपनी पसंद की अन्य ताजी सब्जियां इसमें शामिल की जा सकती हैं, जो इसके पोषण और स्वाद दोनों को बढ़ाती हैं।
फलाफल तैयार करने की चरणबद्ध विधि
सबसे पहले रातभर या लगभग 8 घंटे के लिए भिगोए गए छोलों को ठंडे पानी से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद इन्हें पीसकर एक दरदरा पेस्ट तैयार कर लें। अब इस पेस्ट में जीरा पाउडर, लाल मिर्च, नमक, कटा हुआ हरा धनिया, पुदीना, हरा प्याज, लहसुन और बेसन मिलाएं। मिश्रण में बेकिंग पाउडर भी डालें और सभी सामग्रियों को अच्छी तरह से मिला लें।
तैयार मिश्रण से छोटी-छोटी बॉल्स यानी फलाफल तैयार करें। इन्हें एक प्लेट या थाली में फूड रैपर बिछाकर अलग-अलग रखें और लगभग 30 से 60 मिनट के लिए फ्रिज में सेट होने के लिए छोड़ दें। इसके बाद एक पैन में तेल गर्म करें और इन बॉल्स को धीमी से थोड़ी तेज आंच पर तलें। इन्हें तब तक पकाएं जब तक इनका रंग सुनहरा भूरा (गोल्डन ब्राउन) न हो जाए। पकने के बाद इन्हें तेल से निकालकर पेपर टॉवल पर रखें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल सके।
रोल को असेंबल करने का तरीका
फलाफल रोल बनाने के लिए पीटा ब्रेड, टॉर्टिला या अपनी पसंद की रोटी लें। इसके ऊपर 1 से 2 तैयार फलाफल बॉल्स रखें। इसके बाद ऊपर से दही या हम्मस और अपनी पसंद की सॉस डालें। अब इसमें प्याज, टमाटर, लेटस, जलापेनो, ऑलिव्स जैसी ताजी सब्जियां व्यवस्थित करें। सभी सामग्रियों को अच्छी तरह सेट करने के बाद ब्रेड को सावधानी से रोल करते हुए फलाफल रोल तैयार कर लें।
इस तरह तैयार किया गया प्रोटीन से भरपूर फलाफल रोल सुबह के नाश्ते, दोपहर के लंच बॉक्स या फिर रात के डिनर के लिए भी एक बेहतरीन और हेल्दी विकल्प है। इस तैयार फलाफल का उपयोग करके स्वादिष्ट सैंडविच भी बनाए जा सकते हैं।