अक्सर लोगों की यह शिकायत रहती है कि जब वे रात में गहरी नींद में सो रहे होते हैं, तो अचानक उनके पैरों में तेज ऐंठन या नस खिंचने जैसी समस्या होने लगती है। यह स्थिति इतनी दर्दनाक और परेशान करने वाली होती है कि तुरंत नींद खुल जाती है और लंबे समय तक उस हिस्से में तकलीफ बनी रहती है। कई लोग इसे मामूली थकान समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन क्या आपने कभी यह जानने की कोशिश की है कि आखिर यह समस्या क्यों होती है और शरीर में किस चीज की कमी इसे बुलावा देती है?
लेग क्रैम्प्स क्या है और इसके लक्षण क्या हैं?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों और प्रतिष्ठित हेल्थ रिपोर्ट्स के अनुसार, 'लेग क्रैम्प' (Leg Cramp) पैरों की मांसपेशियों में अचानक होने वाला तीव्र खिंचाव या संकुचन है। इस स्थिति में पैर की मांसपेशियां कुछ पलों के लिए बुरी तरह सिकुड़ जाती हैं, जिससे असहनीय दर्द और जकड़न पैदा होती है। यह दर्द आमतौर पर कुछ सेकंड से लेकर कुछ मिनट तक बना रह सकता है और अक्सर रात के समय आराम करते वक्त ही हमला बोलता है।
इसके मुख्य लक्षणों की बात करें तो:
- घुटने के निचले हिस्से या पिंडली (Calf muscles) में अचानक तेज दर्द उठना।
- पैरों या जांघों की मांसपेशियों का कड़क हो जाना।
- ऐंठन ठीक होने के बाद भी उस हिस्से में 24 घंटे तक हल्का दर्द या खिंचाव महसूस होना।
रात में क्यों खिंचने लगती हैं पैर की नसें?
यूं तो ज्यादातर मामलों में यह कोई गंभीर बीमारी नहीं होती और मांसपेशियां अपने-आप सामान्य हो जाती हैं, लेकिन बार-बार होने वाली ऐंठन के पीछे कई छिपे हुए कारण हो सकते हैं। आइए जानते हैं वे कौन सी वजहें हैं जो सोते वक्त आपके पैरों को जकड़ लेती हैं:
- मांसपेशियों की अत्यधिक थकान: दिनभर ज्यादा दौड़भाग करने, बहुत देर तक खड़े रहने या बिना वॉर्म-अप के भारी एक्सरसाइज करने से मांसपेशियां थक जाती हैं।
- शरीर में पानी की कमी (Dehydration): पर्याप्त मात्रा में पानी न पीने से शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बिगड़ जाता है, जिसका सीधा असर मांसपेशियों पर पड़ता है।
- इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन: पोटैशियम, मैग्नीशियम और कैल्शियम जैसे पोषक तत्वों की कमी भी लेग क्रैम्प का एक बहुत बड़ा कारण मानी जाती है।
- रक्त संचार में बाधा: सोते समय गलत पोजीशन में लेटने से पैरों की नसों पर दबाव पड़ता है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है।
- लंबे समय तक बैठे रहना: दिनभर एक ही जगह पर बिना हिले-डुले काम करने से भी पैरों की मासपेशियों की फ्लैक्सिबिलिटी कम हो जाती है।
रात में ऐंठन उठने पर तुरंत क्या करें?
यदि रात को सोते समय अचानक आपके पैर की नस खिंच जाए और तेज दर्द शुरू हो जाए, तो घबराने के बजाय कुछ त्वरित कदम उठाए जा सकते हैं:
- बिस्तर छोड़ें और खड़े हो जाएं: जैसे ही ऐंठन शुरू हो, तुरंत बिस्तर से उठकर सीधे खड़े हो जाएं। पैरों पर शरीर का वजन पड़ने से मांसपेशियों पर दबाव बनता है और क्रैम्प की तीव्रता कम होने लगती है।
- हल्की स्ट्रेचिंग करें: जिस पैर में ऐंठन हुई है, उसकी मांसपेशियों को धीरे-धीरे स्ट्रेच करें। पिंडलियों की मांसपेशियों को खींचने से राहत मिलती है।
- हल्की सिकाई या मालिश: प्रभावित हिस्से पर हल्के हाथों से मसाज करने या गर्म पानी की सिंकाई करने से भी मांसपेशियों को आराम मिलता है।
इस परेशानी से हमेशा के लिए कैसे बचें?
अगर आप चाहते हैं कि रात की नींद इस दर्द की वजह से खराब न हो, तो अपनी डेली रूटीन में कुछ छोटे-छोटे बदलाव करने बेहद जरूरी हैं। दिनभर में भरपूर मात्रा में पानी पिएं ताकि शरीर डिहाइड्रेट न हो। अपने आहार में हरी पत्तेदार सब्जियां, फल और ड्राई फ्रूट्स शामिल करें ताकि पोटैशियम और मैग्नीशियम की कमी न हो। सोने से पहले पैरों की हल्की स्ट्रेचिंग करने की आदत डालें।
अस्वीकरण: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। यदि आपको यह समस्या बहुत अधिक और लगातार परेशान कर रही है, तो किसी योग्य चिकित्सक या विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य करें।