बिसरख थाना क्षेत्र की घटना, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; पुलिस कारणों की जांच में जुटी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली प्रतिष्ठित महागुन मायवुड्स सोसायटी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां महज 13 वर्ष की एक किशोरी ने इमारत की 21वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से सोसायटी और मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
स्थानीय पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिसरख कोतवाली पुलिस को अस्पताल से मेमो के जरिए एक किशोरी को मृत अवस्था में लाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत संबंधित अस्पताल और घटनास्थल यानी महागुन मायवुड्स सोसायटी पहुंचा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की शुरुआती जांच-पड़ताल शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि किशोरी ने सोसायटी के एक टावर की 21वीं मंजिल से नीचे छलांग लगाई थी। ऊंचाई से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।