जापान में आयोजित पैरा एथलेटिक्स गेम्स की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में रजत पदक जीतकर स्वदेश लौटे मथुरा के पैरा एथलीट राम रतन सिंह जादौन का दिल्ली एयरपोर्ट से लेकर उनके पैतृक गांव तक अभूतपूर्व स्वागत किया गया।
जापान से लौटने पर सोमवार देर शाम भारतीय पैरा एथलेटिक्स टीम जब दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल तीन से बाहर आई, तो वहां मौजूद खेल प्रेमियों और खेल संघ के पदाधिकारियों ने ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ उनका स्वागत किया। जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन मथुरा की सचिव कुसुम लता और मथुरा एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव जय सिंह ने राम रतन सिंह तथा अन्य खिलाड़ियों को गुलदस्ता भेंट किया और मथुरा का प्रसिद्ध पेड़ा खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया। इस दौरान एयरपोर्ट परिसर में मिष्ठान का वितरण भी किया गया। उत्तर प्रदेश पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से मोनू कुमार ने भी भारतीय टीम का स्वागत किया।
मथुरा पहुंचने पर जगह-जगह जश्न और अभिनंदन
राष्ट्रीय राजधानी से मंगलवार को जब राम रतन सिंह मथुरा पहुंचे, तो उनके गृह जनपद में प्रवेश से लेकर पैतृक गांव तक कई स्थानों पर स्वागत समारोह आयोजित किए गए। कोटवन बार्डर, कोसी हाईवे और रनवारी गांव में स्थानीय लोगों व खेल प्रेमियों ने उनका जोरदार अभिनंदन किया। इसके बाद उनके पैतृक गांव नरी में एक विशेष स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जहां परिवार के सदस्यों, ग्रामीणों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने पदक विजेता को सम्मानित किया।
गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
नरी गांव में आयोजित समारोह और स्वागत यात्रा के दौरान क्षेत्र के कई प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें सपा नेता लोकमणिकांत जादौन, भाजपा नेता नरदेव सिंह, छाता के चेयरमैन फाल्गुन सिंह, भोला बौहरे, जवाहर प्रधान, बाबी प्रधान, कलुआ बौहरे, जीतू प्रधान, देशराज सिंह दीवान, प्रमोद एडवोकेट, पूर्व चेयरमैन भोला और विनोद सिंह शामिल रहे। इसके अलावा जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष सुनीता पाठक, उपाध्यक्ष मुक्ता सिंह, वंदना अग्रवाल, नीना गर्ग, रेखा रानी व निशा बघेल ने भी राम रतन सिंह की इस उपलब्धि पर उनके हौसले की सराहना की और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।