पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विधानसभा क्षेत्र के छेमियां चट्टी पर इंडियन जनसेवा दल के भावी विधायक प्रत्याशी मुकेश कुमार शर्मा ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समर्थन मांगा।
जनसंपर्क के दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की कई प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। नागरिकों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर को रिंग रोड से जोड़ने वाली मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति का मुद्दा सामने रखा। लोगों ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिसके कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, पैदल चलने वालों और वाहन चालकों के लिए आवागमन काफी जोखिम भरा हो गया है। इसके अलावा क्षेत्र में पर्याप्त बिजली आपूर्ति न मिलने और शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने की बात भी सामने आई।
लोगों की समस्याएं सुनने के बाद भावी प्रत्याशी मुकेश कुमार शर्मा ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे इन सभी मुद्दों से पूरी तरह अवगत हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े ये सभी कार्य निश्चित रूप से पूरे किए जाएंगे, हालांकि इसके लिए कुछ समय की आवश्यकता है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे तन-मन से उनका साथ दें और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में उन्हें खुलकर वोट दें व दिलाएं।
इस अवसर पर उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार किसी पौधे को पेड़ बनने के लिए उचित खाद और पानी की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार इस क्षेत्र के विकास के लिए जनता के बहुमूल्य वोटों की जरूरत है, ताकि उनका यह बेटा या भाई विधानसभा तक पहुंचकर जनता की सेवा कर सके। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इंडियन जनसेवा दल पार्टी की मुख्य विचारधाराओं को भी उपस्थित लोगों के साथ साझा किया।
स्थानीय लोगों की ओर से इस जनसंपर्क के दौरान उत्साह देखने को मिला और उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में मुकेश शर्मा को अपना समर्थन देने तथा जिताने का भरोसा दिलाया।
इस कार्यक्रम और जनसंपर्क अभियान में पार्टी के प्रदेश सचिव रामजी शर्मा, विधानसभा 380 के नगर अध्यक्ष अजय प्रसाद गुप्ता, शुभचिंतक लल्लन शर्मा, रमेश प्रसाद, सुरेश शर्मा के साथ-साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिक दीपक कुमार गुप्ता, संतोष कुमार शर्मा, संजय यादव, पत्रकार विनय तिवारी, प्रदीप विश्वकर्मा, लालू यादव और राजकुमार विश्वकर्मा सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।