कोलकाता हादसे के बाद मुजफ्फरपुर में प्रशासन पूरी तरह सतर्क, अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
कोलकाता में हाल ही में हुई एक दर्दनाक दुर्घटना के बाद मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। अधिकारी लगातार विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता हो और किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
नवरात्रि के नौवें दिन यानी मां सिद्धिदात्री की पूजा के अवसर पर शहर के अलग-अलग पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस अपार भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था तथा शांति बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारी खुद मैदान में उतरे हैं।
शीर्ष अधिकारियों ने संभाली कमान
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला पदाधिकारी (डीएम) कुमार गौरव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा, डीएसपी अलय वत्स और सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने खुद मोर्चा संभाल रखा है। स्थानीय पुलिस बल के साथ-साथ अतिरिक्त सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गई है, और वरिष्ठ अधिकारी स्वयं विभिन्न पंडालों में जाकर सुरक्षा व्यवस्था का प्रत्यक्ष जायजा ले रहे हैं।
भक्ति और कर्तव्य का अनूठा संगम
निरीक्षण के दौरान मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी का एक बेहद अनूठा और मानवीय रूप देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था की चाक-चौबंद निगरानी और अपनी पेशेवर जिम्मेदारी निभाने के बीच वे मां दुर्गा की भक्ति में भी पूरी तरह रंगे नजर आए। कई पूजा पंडालों के निरीक्षण के दौरान उनके माथे पर चंदन का तिलक और गले में माता की चुनरी उनकी गहरी आस्था और सांस्कृतिक सद्भाव को स्पष्ट रूप से बयां कर रही थी।
दौरान अधिकारियों ने आम जनता को पूरी तरह आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन और पुलिस हर समय उनकी सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे पूरी शांति, आपसी सौहार्द और उल्लास के साथ दुर्गा पूजा का आनंद लें।