आगरा में उत्तर प्रदेश युवा महोत्सव- सनातन शंखनाद का भव्य आयोजन, हजारों युवाओं ने लिया हिस्सा, विकास और कानून-व्यवस्था पर हुई चर्चा।
आगरा में उत्तर प्रदेश युवा महोत्सव- सनातन शंखनाद का दूसरा पड़ाव उत्साह और सांस्कृतिक भव्यता के साथ संपन्न हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में युवाओं और विद्यार्थियों ने शिरकत की।
उत्तर प्रदेश युवा सनातन संघ राष्ट्रीय मंच के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को उनकी सांस्कृतिक विरासत, सनातन परंपराओं और वर्ष 2017 के बाद आए बदलावों से जोड़ना है। इससे पहले इस श्रृंखला का पहला आयोजन 21 अक्टूबर को ग्रेटर नोएडा में हुआ था, जहां 7,000 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया था। ग्रेटर नोएडा के बाद आगरा में हुए इस दूसरे बड़े आयोजन ने युवाओं को एक प्रभावशाली मंच प्रदान किया।
दिग्गजों की मौजूदगी और युवा संवाद
कार्यक्रम के दौरान आयोजित युवा संवाद सत्र इस महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण रहा। इसमें आगरा के सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा साध्वी प्रज्ञा, डॉ. सुरेश चव्हाणके और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जान्हवी सिंह ने भी युवाओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने, राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपनी आवाज को बुलंद रखने का संदेश दिया। संवाद के दौरान वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों, सुधरे कानून-व्यवस्था के माहौल और अपराध के खिलाफ अपनाई गई सख्त प्रशासनिक नीतियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
भजन क्लबिंग और आधुनिक संगीत का संगम
पारंपरिक आयोजनों से अलग इस महोत्सव में आधुनिकता और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान 'भजन क्लबिंग' ने विशेष रूप से जेन-जी युवाओं का ध्यान आकर्षित किया। रहस्य बैंड की प्रस्तुति पर जब 'बम लहरी' की धुन गूंजी, तो पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल में झूम उठा। इस प्रस्तुति ने साबित किया कि आज की युवा पीढ़ी अपनी परंपराओं और सनातन संस्कृति से जुड़ते हुए आधुनिक अंदाज में उत्सव मनाना भी जानती है। इसके साथ ही अन्य सांस्कृतिक और नृत्य प्रस्तुतियों ने भी उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रदेश के 18 शहरों तक पहुंचेगा महोत्सव
आयोजकों के अनुसार, 'उत्तर प्रदेश युवा महोत्सव- सनातन शंखनाद' केवल एक सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं को उनकी विरासत और प्रदेश की विकास यात्रा से जोड़ने का एक व्यापक अभियान है। इस पूरी श्रृंखला की परिकल्पना उत्तर प्रदेश के कुल 18 शहरों तक पहुंचने की है, ताकि अलग-अलग मंडलों और क्षेत्रों के युवाओं को एक साझा मंच मिल सके। ग्रेटर नोएडा और आगरा के सफल पड़ाव के बाद यह यात्रा प्रदेश के अन्य जिलों की ओर भी अग्रसर होगी, जिसके माध्यम से भक्ति, संस्कृति, युवा संवाद और राष्ट्र निर्माण के विचारों को एक सूत्र में पिरोने का प्रयास जारी रहेगा।