प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के वाराणसी और ओडिशा के भुवनेश्वर की महत्वपूर्ण यात्रा पर हैं। इस दौरान वे वाराणसी में परिधान निर्माण इकाई के उद्घाटन के साथ वायु सेना दिवस हवाई प्रदर्शन में शामिल होंगे, वहीं भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अत्याधुनिक डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का देश को समर्पण करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह करीब 11 बजे वाराणसी पहुंचेंगे। यहां वे अरविंद लिमिटेड की नई परिधान निर्माण सुविधा का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 1 बजे वे मुख्य अतिथि के रूप में वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित वायु सेना दिवस हवाई प्रदर्शन-2026 के साक्षी बनेंगे। इस कार्यक्रम के समापन के बाद वे ओडिशा के लिए रवाना होंगे, जहां शाम करीब 4:45 बजे भुवनेश्वर में आरबीआई के डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
वाराणसी में औद्योगिक विकास और भव्य एयर शो
वाराणसी में शुरू होने जा रही अरविंद लिमिटेड की नई परिधान विनिर्माण सुविधा देश के कपड़ा और परिधान ईको-सिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। आधुनिक विनिर्माण तकनीकों पर आधारित यह इकाई विशेष रूप से महिलाओं के लिए सार्थक रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक प्रगति को बल मिलेगा। यह पहल उत्तर प्रदेश के औद्योगिक निवेश के बढ़ते हब के रूप में उभरने को रेखांकित करती है, जहां निर्मित उत्पाद वैश्विक स्तर पर अपनी पहुंच बनाएंगे।
इसके पश्चात, प्रधानमंत्री नमो घाट पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम के तहत आयोजित भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के हवाई प्रदर्शन में भाग लेंगे। इस भव्य एयर शो में तेजस, लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर (LCH) प्रचंड, Su-30MKI और राफेल जैसे उन्नत लड़ाकू विमान अपनी कलाबाजी दिखाएंगे। इसके अलावा, भारतीय नौसेना और थल सेना के विमान भी संयुक्त अभियान कौशल का प्रदर्शन करेंगे। वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेंगी, जो सटीक फॉर्मेशन और परिचालन उत्कृष्टता का परिचय देंगी।
भुवनेश्वर में आरबीआई के डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा संस्थान की सौगात
ओडिशा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। यह वित्तीय क्षेत्र की तकनीकी रीढ़ को अत्यधिक मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इस नव-स्थापित डेटा सेंटर को देश के बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र के लिए एक सुरक्षित, लचीला और भविष्य के लिए तैयार कंप्यूटिंग ईको-सिस्टम प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
यह अत्याधुनिक डेटा सेंटर मिशन-क्रिटिकल भुगतान और निपटान प्रणालियों की मेजबानी करेगा। इस सुविधा को वैश्विक डेटा सेंटर बुनियादी ढांचे के सबसे कड़े मानकों में शुमार 'अपटाइम इंस्टीट्यूट टियर IV' प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह वैश्विक बीएफएसआई (बैंकिंग, वित्तीय सेवा और बीमा) क्षेत्र की सबसे बड़ी टियर IV प्रमाणित सुविधाओं में से एक है, जो परिचालन दक्षता और निरंतरता का उच्चतम स्तर सुनिश्चित करती है।
इसके साथ ही, स्थापित होने वाला साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान वित्तीय क्षेत्र में क्षमता निर्माण को गति देगा। यह संस्थान क्वांटम कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और अन्य फ्रंटियर प्रौद्योगिकियों पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए अनुसंधान, उद्यम-प्रौद्योगिकी प्रशिक्षण और क्षेत्र-व्यापी कौशल विकास के लिए एक समर्पित मंच के रूप में कार्य करेगा।