चंदौली के चकिया थाना क्षेत्र से 16 वर्षीय दलित किशोरी बंदना के नौ दिनों से लापता होने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे और चिंता में है, जबकि पुलिस की अब तक की सुस्त तलाश और कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम हेतिमपुर की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी बंदना, जो रमेश की पुत्री हैं, गत 10 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे अपने घर से बाहर निकली थीं। परिजनों ने बताया कि किशोरी ने घर से निकलते समय यह कहा था कि वह थोड़ी ही देर में वापस लौट आएगी, लेकिन इसके बाद से उसका कोई सुता पता नहीं चला और वह अपने घर नहीं लौटी।
परिजनों की तलाश और अनहोनी की आशंका
बेटी के तय समय पर घर न लौटने पर परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों, आसपास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर उसकी गहन तलाश की, लेकिन कई दिनों तक चली खोजबीन के बाद भी किशोरी का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। बेटी के इतने लंबे समय तक गायब रहने से परेशान पिता रमेश ने किसी अनहोनी अनिष्ट की आशंका व्यक्त की है। परिवार ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से गुहार लगाई है कि उनकी बेटी को जल्द से जल्द खोजा जाए और उसकी सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित की जाए।
पुलिस में प्राथमिकी और धाराएं
घटना के संबंध में परिजनों की शिकायत पर 13 अक्टूबर 2026 को चकिया कोतवाली में आधिकारिक रूप से प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। हालांकि, मुकदमा दर्ज होने के इतने दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से की गई अब तक की खोजबीन, छानबीन और जांच की प्रगति को लेकर कोई संतोषजनक विस्तृत विवरण सामने नहीं आया है, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी और चिंता दोनों बढ़ रही हैं।