नागपुर के गोधनी रोड पर दिवाली की खरीदारी करने जा रही महिला की ट्रक की टक्कर से मौत। आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम, प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण।
नागपुर के गोधनी रोड पर दिवाली की खरीदारी के लिए निकले एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 30 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति और छह साल का बेटा घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क पर उतरकर करीब चार घंटे तक चक्काजाम किया। प्रशासन द्वारा तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करने के बाद मामला शांत हुआ। इसी तरह हिंगना रोड पर एक अन्य सड़क दुर्घटना में वाईसीसीई कॉलेज की महिला प्रोफेसर की भी मौत हो गई।
गोधनी रोड पर हुआ भीषण हादसा
बैलवाड़ी निवासी 30 वर्षीय अश्विनी उर्फ ज्योति पंकज फलके अपने पति पंकज और छह वर्षीय बेटे अद्विक के साथ मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे मोटरसाइकिल से दिवाली की खरीदारी करने के लिए बाजार जा रही थीं। झिंगाबाई टाकली रोड पर गारवा बिरयानी के सामने पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संतुलन बिगड़ने से तीनों सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में पंकज और अद्विक सड़क के किनारे गिरे, लेकिन ज्योति सीधे ट्रक के पिछले पहिये के नीचे आ गईं। ट्रक से कुचले जाने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, मासूम अद्विक के सिर पर गंभीर चोट आई और पंकज को मामूली चोटें लगीं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक जमील खान जमाल खान को हिरासत में ले लिया है।
स्थानीय नागरिकों का फूटा गुस्सा, चार घंटे तक रहा जाम
घटना के तुरंत बाद बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ की और सड़क मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। नागरिकों का कहना था कि गोधनी मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर दिन के समय प्रतिबंध होने के बावजूद नियम तोड़े जा रहे हैं। कुछ समय पहले इसी मार्ग पर एक बी.टेक छात्रा की भी भारी वाहन की चपेट में आने से मौत हो चुकी है।
सड़क के गड्ढों, भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और दुकानों के अवैध अतिक्रमण से परेशान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के चलते करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
प्रशासन का तत्काल एक्शन, हटा अतिक्रमण
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी नॉर्थ विनीता साहू, डीसीपी अन्नपूर्णा सिंह और डीसीपी आदित्य मिरखेलकर सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। नागरिकों ने किसी भी मौखिक आश्वासन को मानने से इनकार कर दिया और तुरंत ठोस कार्रवाई की मांग की।
मांगों पर कड़ा रुख देखते हुए मनपा की मुख्य अभियंता लीना उपाध्याय को मौके पर बुलाया गया। नागरिकों के आक्रोश को शांत करने के लिए प्रशासन ने तत्काल अतिक्रमण विरोधी दस्ते को मैदान में उतारा और गारवा बिरयानी के आसपास सहित सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाना शुरू किया। डीसीपी मिरखेलकर ने भी भारी वाहनों की नो-एंट्री के नियमों का कड़ाई से पालन कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद रात को जाम खुला।
हिंगना रोड पर महिला प्रोफेसर की सड़क दुर्घटना में मौत
नागपुर में सड़क हादसों का यह अकेला मामला नहीं था। एक अन्य दर्दनाक घटना में हिंगना रोड पर ट्रक की टक्कर से एक महिला प्रोफेसर की मौत हो गई। मृतका की पहचान वर्धा रोड स्थित आरती एम्पायर निवासी 35 वर्षीय प्रियंका प्रवीण मोरे के रूप में हुई है, जो वानाडोंगरी स्थित वाईसीसीई कॉलेज में प्रोफेसर थीं।
प्रियंका मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अपनी दोपहिया वाहन से कॉलेज जा रही थीं। जोन चौक से कॉलेज की ओर बढ़ते समय एक अज्ञात ट्रक चालक ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल प्रियंका को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एमआईडीसी पुलिस ने मृतका के सहकर्मी जीवन डेहनकर की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।