नागपुर में राष्ट्र चिंतन संवाद को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने देश के विकास और विपक्ष पर निशाना साधा। पढ़ें पूरी खबर।
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने नागपुर के राष्ट्र चिंतन संवाद में देश की प्रगति और राजनीतिक हालातों पर तीखा रुख अपनाते हुए कहा कि भारत के बढ़ते कदम कुछ ताकतों को रास नहीं आ रहे हैं और देश में अराजकता फैलाने के षड्यंत्र रचे जा रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने नागपुर के देशपांडे सभागृह में आयोजित 'राष्ट्र चिंतन संवाद' को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। यह आयोजन पार्टी द्वारा चलाए जा रहे 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान के अंतर्गत किया गया था। इस दौरान उन्होंने भारत के आत्मनिर्भर बनने की यात्रा, अंतरिक्ष, रक्षा, दूरसंचार और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में आई अभूतपूर्व तेजी का विस्तार से जिक्र किया।
भारत के विकास और आत्मनिर्भरता पर जोर
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आज भारत हर मोर्चे पर आत्मनिर्भरता हासिल कर रहा है, जिसे दुनिया के कुछ देश और देश के भीतर सक्रिय कुछ तत्व पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने भारत को अगले 20 वर्षों में एक पूरी तरह विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर बल दिया और नागरिकों से अपील की कि वे ऐसे अराजक तत्वों से पूरी तरह सावधान रहें। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में हुए परमाणु परीक्षण और उस दौरान लगे अमेरिकी प्रतिबंधों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भारत उन कठिन परिस्थितियों में भी नहीं झुका था।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत रक्षा उपकरणों का एक बड़ा निर्यातक बन चुका है और रिफाइंड पेट्रोल के निर्यात में भी देश शीर्ष स्थान पर है। अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी का जिक्र करते हुए उन्होंने दूरसंचार क्षेत्र की ताकत का उदाहरण दिया और बताया कि अमेरिका की तीनों बड़ी मोबाइल कंपनियों के कुल ग्राहकों से दोगुना ग्राहक जियो के पास और डेढ़ गुना एयरटेल के पास हैं।
विपक्ष और राहुल गांधी पर तीखा हमला
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर कड़ा प्रहार करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि उनका आचरण बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। वे राष्ट्रपति भवन, सुप्रीम कोर्ट और प्रधानमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद दशकों तक सत्ता में रही कांग्रेस को यह बात हजम नहीं हो पा रही है कि शुद्ध भारतीय विचारधारा वाली पार्टी आज देश की सत्ता संभाल रही है।
एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर बोलते हुए त्रिवेदी ने कहा कि सूची से उन लोगों के नाम कटे हैं जो यह प्रमाणित नहीं कर सके कि वे कहां के हैं, और यही कांग्रेस तथा ‘इंडिया’ गठबंधन के दर्द की मुख्य वजह है क्योंकि घुसपैठियों की पहचान अब सामने आ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब यह प्रक्रिया चल रही थी, तब विपक्षी दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) क्या कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष देश में जात-पात, उत्तर-दक्षिण और अगड़ा-पिछड़ा के आधार पर समाज को बांटने और लड़ाने का निरंतर प्रयास कर रहा है।
इस संवाद कार्यक्रम में नागपुर शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी, विधायक संजय भेंडे, परिणय फुके, अनिल सोले, गिरीश व्यास, जयप्रकाश गुप्ता, उद्यमी नितिन खारा, एडवोकेट नितिन तेलगोटे और श्यामसुंदर सोनी सहित शहर के तमाम गणमान्य नागरिक और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।