नागपुर क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नरेंद्रनगर इलाके से 1.54 करोड़ रुपये मूल्य की एमडी (मेफेड्रॉन) ड्रग्स बरामद की है और इस नेटवर्क से जुड़े पांच गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही, कांग्रेस पार्षद के घर पर फायरिंग के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी विशाल उर्फ 'फल्ली गुप्ता' को भी उसकी गर्लफ्रेंड के साथ दबोच लिया गया है।
नागपुर पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत आने वाली क्राइम ब्रांच को यह सफलता कुख्यात अपराधी फल्ली गुप्ता की तलाश के दौरान मिली। पुलिस के अनुसार, फल्ली गुप्ता की गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी। इसी कड़ी में पुलिस को उसके गुर्गों के छिपे होने का सुराग मिला, जिसके बाद नरेंद्रनगर परिसर में विजया अपार्टमेंट के एक फ्लैट पर छापेमारी की गई। इस फ्लैट से पुलिस ने 1,405 ग्राम एमडी ड्रग्स के अलावा 6 मोबाइल फोन, एक कार, 4 दोपहिया वाहन, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा और 3.44 लाख रुपये की नकदी समेत कुल 1 करोड़ 54 लाख रुपये का माल जब्त किया।
ड्रग्स नेटवर्क और गिरफ्तार आरोपी
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान अनिकेत उर्फ अन्नू संजय बिहारे (19), शुभम उर्फ डोरेमोन दिलीप नरवरिया (31), कृष्णा सुनील वर्मा (19), तूफान सिंह बालू सिंह सिसोदिया (38) और राहुल रामकुमार गोंड (32) के रूप में हुई है। तकनीकी जांच और सर्विलांस के आधार पर पुलिस अनिकेत बिहारे तक पहुंची थी, जिसके बाद इस पूरे ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया है कि यह एमडी ड्रग्स राजस्थान से नागपुर में बिक्री के लिए लाई गई थी। राजस्थान के रहने वाले भूपेंद्र सिंह ने इन आरोपियों को यह खेप सप्लाई की थी। पुलिस से बचने और अपनी गतिविधियों को छिपाने के लिए ये आरोपी वॉयस कॉलिंग के बजाय वॉट्सएप और इंस्टाग्राम कॉल का इस्तेमाल करते थे। इस सिलसिले में बेलतरोड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और मुख्य सप्लायर भूपेंद्र सिंह की तलाश के लिए राजस्थान टीम भेजने की तैयारी की जा रही है।
पार्षद पर फायरिंग मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
ड्रग्स जब्ती की इस कार्रवाई के समांतर क्राइम ब्रांच ने पार्षद पर फायरिंग मामले के मास्टरमाइंड फल्ली गुप्ता को भी धर दबोचा। फल्ली गुप्ता ने बीते 26 अगस्त को श्रावणनगर इलाके में कांग्रेस पार्षद शुभम मोटघरे के घर पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। इस गंभीर मामले में पुलिस ने पहले ही मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) के तहत कार्रवाई की थी, जिसके बाद से फल्ली गुप्ता, उसकी गर्लफ्रेंड सहेली उर्फ सोनू पंधराम और अनिकेत बिहारे फरार चल रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नवरात्रि के दौरान फल्ली गुप्ता के नागपुर आने और कोराडी मंदिर में दर्शन के लिए जाने की पुख्ता खबर मिली थी। इसके बाद पुलिस उसकी टोह में थी। पिछले दिनों जानकारी मिली कि वह रामेश्वरम की तरफ जा रहा है। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने रामेश्वरम के रास्ते में ही फल्ली गुप्ता और उसकी गर्लफ्रेंड सहेली पंधराम को बस से यात्रा करते समय दबोच लिया। डीसीपी दीपक अग्रवाल और एसीपी वैभव जाधव के मार्गदर्शन तथा पीआई विनायक गोल्हे के नेतृत्व में इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। बेलतरोड़ी पुलिस अब इस पूरे सिंडिकेट और अन्य पेंडिंग मामलों की गहराई से जांच कर रही है।