देश में बढ़ाई गई स्पोर्ट्स बाइकों की मांग के बीच बजाज ऑटो ने अपनी लोकप्रिय बाइक का नया संस्करण बाजार में उतार दिया है।
भारतीय दोपहिया बाजार में स्पोर्ट्स सेगमेंट की लोकप्रिय मोटरसाइकिल Bajaj Pulsar NS200 को नए फीचर्स, बेहतर तकनीकी बदलावों और उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ लॉन्च कर दिया गया है। कंपनी ने इस नई मोटरसाइकिल में राइडिंग अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई आधुनिक स्पेसिफिकेशन जोड़े हैं, जिसमें डिजिटल कनेक्टिविटी से लेकर इंजन की क्षमता में किया गया सुधार शामिल है। दिल्ली बाजार में इस नई मोटरसाइकिल की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1,60,374 लाख रुपए तय की गई है। स्थानीय करों और पंजीकरण शुल्क के आधार पर विभिन्न राज्यों और शहरों में इसकी ऑन-रोड कीमत अलग हो सकती है।
डिजाइन और रंग विकल्प
नई Bajaj Pulsar NS200 के मूल डिजाइन में कोई भारी बदलाव नहीं किया गया है। इसका पारंपरिक स्पोर्टी लुक, मस्कुलर फ्यूल टैंक और स्ट्रीटफाइटर स्टाइल पहले की तरह ही बरकरार रखा गया है। हालांकि, इसे तरोताजा दिखाने के लिए कंपनी ने आकर्षक रंगों की पेशकश की है। यह बाइक एबोनी ब्लैक, रेसिंग रेड, पर्ल मेटैलिक व्हाइट और नार्डो ग्रे जैसे कुल चार रंगों में उपलब्ध कराई गई है, जिसमें नार्डो ग्रे पूरी तरह से नया रंग विकल्प है।
फीचर्स और आधुनिक तकनीक
इस नए संस्करण में सबसे बड़ा बदलाव इसके इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में किया गया है। पुराने एलसीडी डिस्प्ले की जगह अब इसमें 5 इंच का आधुनिक कलर टीएफटी डिस्प्ले दिया गया है। इस डिस्प्ले में गूगल मैप्स मिररिंग की सुविधा जोड़ी गई है, जिसकी मदद से राइडर को स्क्रीन पर ही नेविगेशन की सटीक जानकारी मिल जाती है। इसके साथ ही स्मार्टफोन या अन्य उपकरणों को चार्ज करने के लिए यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है। सुरक्षा और नियंत्रण को और मजबूत बनाते हुए इसमें पैनिक ब्रेक अलर्ट और हेजर्ड स्विच की सुविधा भी दी गई है।
राइडिंग मोड्स और इलेक्ट्रॉनिक्स
नई पल्सर एनएस 200 में इलेक्ट्रॉनिक थ्रॉटल-बाय-वायर तकनीक को शामिल किया गया है, जिसके माध्यम से बाइक में विभिन्न राइडिंग मोड्स मुमुकिन हो पाए हैं। इसके अलावा बेहतर पकड़ के लिए ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम भी दिया गया है। बाइक में बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर भी मिलता है, जिसकी सहायता से चालक क्लच का उपयोग किए बिना गियर ऊपर और नीचे बदल सकता है, बशर्ते वाहन की स्थिति गियर बदलने के अनुकूल हो। सस्पेंशन की बात करें तो इसके आगे की तरफ 37 एमएम के अपसाइड-डाउन यानी यूएसडी फोर्क दिए गए हैं, जबकि पीछे की तरफ मोनोशॉक सस्पेंशन मिलता है। इसका पारंपरिक पेरिमीटर फ्रेम और बॉक्स-सेक्शन स्विंगआर्म पहले जैसा ही है।
इंजन और प्रदर्शन
यांत्रिक मोर्चे पर, नई बाइक में पहले की तरह 199.5 सीसी का सिंगल-सिलेंडर, चार-वाल्व और लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है। हालांकि, इसकी परफॉर्मेंस में सुधार किया गया है। अब यह इंजन 25.5 पीएस की अधिकतम पावर जनरेट करता है, जबकि इसके पुराने मॉडल में यह आंकड़ा 24.5 पीएस था। इस प्रकार बाइक की कुल पावर में 1 पीएस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस इंजन का अधिकतम टॉर्क 18.7 न्यूटन मीटर है और इसे छह-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।