पाकिस्तानी ड्रामा 'दुर-ए-निजात' के किरदार अबू बाकर को भारत में मिल रही लोकप्रियता। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने की बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन से तुलना।
इंटरनेट के इस दौर में मनोरंजन की दुनिया ग्लोबल हो चुकी है और इसके चलते पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के ड्रामे भी भारत में खासे पसंद किए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और यूट्यूब के जरिए दुनिया के किसी भी कोने की सीरीज या फिल्में कुछ ही मिनटों में दर्शकों तक पहुंच जाती हैं। इसी कड़ी में इन दिनों एक पाकिस्तानी उर्दू ड्रामा सीरीज 'दुर-ए-निजात' सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। इस शो की कई क्लिप्स इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें निभाए गए किरदारों को लेकर भारतीय दर्शकों के बीच भी काफी क्रेज देखने को मिल रहा है।
शहरयार मुनव्वर के किरदार की हो रही है चर्चा
वायरल हो रहे इस पाकिस्तानी ड्रामे में अभिनेता शहरयार मुनव्वर ने 'अबू बाकर' का मुख्य किरदार निभाया है। इसके अलावा शो में दुर-ए-फिशां सलीम ने 'जर्याब हबीब' और नामीर नवाज खान ने 'जामिल हुसैन' की भूमिका अदा की है। शो की दिलचस्प कहानी और लगातार बदलते ट्विस्ट दर्शकों को बांधे हुए हैं, लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान अबू बाकर के किरदार ने खींचा है।
अजय देवगन के किरदार से हो रही है तुलना
पाकिस्तानी शो में अबू बाकर को एक आदर्श पति के रूप में पेश किया गया है। इस किरदार को देखने के बाद सोशल मीडिया पर कई भारतीय फैंस ने इसकी तुलना बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन के पुराने किरदारों से करनी शुरू कर दी है। यूजर्स का मानना है कि बॉर्डर पार के इस एक्टर का ऑन-स्क्रीन अंदाज कुछ-कुछ वैसा ही है, जैसा साल 1999 में रिलीज हुई संजय लीला भंसाली की प्रसिद्ध फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' में अजय देवगन का था। उस फिल्म में अजय ने ऐश्वर्या राय के पति 'वनराज' की भूमिका निभाई थी, जिसे एक आदर्श पति के रूप में दिखाया गया था।
सोशल मीडिया पर बंटी यूजर्स की राय
इस तुलना को लेकर इंटरनेट यूजर्स के बीच मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। जहां कुछ लोग इसे भारतीय सिनेमा के पुराने किरदारों की याद दिलाने वाला बता रहे हैं, वहीं कई यूजर्स का यह भी कहना है कि दोनों की कहानियां और स्थितियां बिल्कुल अलग हैं। एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा कि भारत के पास अपना अबू बाकर पहले से मौजूद है, जबकि दूसरे यूजर ने तर्क दिया कि दोनों कहानियों में कोई समानता नहीं है। वहीं, कुछ लोगों का यह भी मानना है कि अबू बाकर का यह किरदार अपने आप में मौलिक और अलग है, इसलिए हर चीज की तुलना नहीं की जानी चाहिए।