अग्रोहा की सिद्धमुख नहर में नहाने गए बिहार के दो चचेरे भाइयों की पानी के तेज बहाव में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। एक भाई को डूबने से बचाने के प्रयास में दूसरे ने भी नहर में छलांग लगा दी थी, लेकिन दोनों गहरे पानी में बह गए। पुलिस और गोताखोरों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव बाहर निकाले।
हरियाणा के हिसार जिले के अग्रोहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कालीरावण गांव के पास से गुजरने वाली सिद्धमुख नहर में यह हादसा वीरवार दोपहर को हुआ। मृतकों की पहचान 24 वर्षीय छोटू राम और 25 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई है। दोनों चचेरे भाई मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले के जाफरनगर गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में आदमपुर क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहकर कालीरावण गांव की एक फैक्ट्री में मजदूरी करते थे।
घटनाक्रम और बचाव प्रयास
मृतक छोटू राम के पिता जोगेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि उनका परिवार पिछले कई महीनों से कालीरावण की एक फैक्ट्री में काम कर रहा है। वीरवार दोपहर को छोटू और उसका चचेरा भाई अनिल सिद्धमुख नहर के पास गए थे। छोटू राम जैसे ही नहाने के लिए नहर में उतरा, वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और बहने लगा।
अपने चचेरे भाई को डूबता देख अनिल कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए तुरंत नहर में छलांग लगा दी। हालांकि, पानी का बहाव इतना तेज था कि दोनों संभल नहीं सके और गहरे पानी में समा गए। नहर के पास मौजूद लोगों ने जब दोनों को डूबते देखा तो शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण और फैक्ट्री कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।
दो घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही अग्रोहा थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। पुलिसकर्मियों, ग्रामीणों और गोताखोरों की संयुक्त टीम ने करीब एक दर्जन लोगों के साथ नहर में उतरकर व्यापक बचाव अभियान चलाया। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
पोस्टमार्टम के बाद शव बेगूसराय रवाना
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और अग्रोहा मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में उनका पोस्टमार्टम करवाया गया। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पुलिस ने दोनों चचेरे भाइयों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए। मृतक छोटू के पिता जोगेंद्र सिंह ने बताया कि परिवार दोनों के पार्थिव शरीर को लेकर उनके पैतृक गांव जाफरनगर, जिला बेगूसराय (बिहार) के लिए रवाना हो गया है, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अग्रोहा थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने पूरी प्रक्रिया के बाद शव स्वजन को सौंप दिए हैं और घटना को लेकर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से मृतक मजदूरों के परिवार में कोहराम मच गया है और पैतृक गांव जाफरनगर में शोक की लहर दौड़ गई है।