कतरास के श्यामडीह में लिंग जांच के बाद कराए गए अवैध और असुरक्षित गर्भपात से 24 वर्षीय विवाहिता किरण कुमारी की मौत का गंभीर मामला सामने आया है। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति, ससुर, सास, डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालकों और मेडिकल स्टाफ सहित कई लोगों के खिलाफ कतरास थाने में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर मंडल कारा, धनबाद भेज दिया है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेटरवार थाना क्षेत्र के चलकारी बस्ती निवासी सोनू केवट की पत्नी किरण कुमारी गर्भवती थीं। आरोप है कि पति और उनके परिजनों ने दबाव बनाकर गर्भ में पल रहे शिशु की लिंग जांच करवाने का फैसला लिया था। इसके लिए पति सोनू केवट ने धनबाद स्थित सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर में लिंग परीक्षण कराया। जांच में गर्भ में पल रहे बच्चे के कन्या होने की पुष्टि होने के बाद आरोपियों ने श्यामडीह स्थित सेंट्रल डायग्नोस्टिक में एसएनएमएमसीएच धनबाद के लैब टेक्नीशियन नितेश दान और नर्स सुलोचना देवी को बुलवाकर जबरन गर्भपात की प्रक्रिया को अंजाम दिया।
बिगड़ने लगी तबीयत, अस्पताल ले जाने पर हुई मौत की पुष्टि
असुरक्षित तरीके से कराए गए इस गर्भपात के बाद किरण कुमारी की सेहत तेजी से बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर आरोपी उन्हें आनन-फानन में श्यामडीह स्थित संजीवनी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
पिता के आवेदन पर मामला दर्ज, कई नामजद आरोपी
मृतका के पिता राजेन्द्र कुमार केवट के लिखित आवेदन के आधार पर कतरास थाना में कांड संख्या 274/2026, दिनांक 29 अक्टूबर 2026 के तहत बीएनएस, पीसीपीएनडीटी एक्ट 1994 और एमटीपी एक्ट की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद अभियुक्तों में मृतका के पति सोनू केवट, ससुर नेवालाल केवट, सास विलो देवी, जेठ सुजन केवट और राजेश केवट, गोतनी भाग्य देवी व सुमित्रा देवी, ननद बबिता देवी, सेंट्रल डायग्नोस्टिक के संचालक सचिन केवट, शिवम पाण्डेय, श्रीनाथ, रिलीफ डायग्नोस्टिक के स्टाफ विजय गोस्वामी, डॉ. राजीव नयन, एसएनएमएमसीएच के टेक्नीशियन नितेश कुमार दान तथा नर्स सुलोचना कुमारी शामिल हैं।
चार गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित अनुसंधान किया और चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में मृतका के पति सोनू केवट (33 वर्ष), सेंट्रल डायग्नोस्टिक के संचालक सचिन केवट (26 वर्ष, निवासी बरवाडीह, प्रधानखंता, तोपचांची), रिलीफ डायग्नोस्टिक के अल्ट्रासाउंड स्टाफ विजय गोस्वामी (33 वर्ष, निवासी नीलांचल कॉलोनी, सारायढेला) और एसएनएमएमसीएच की नर्स सुलोचना देवी (36 वर्ष, निवासी लुकेया, टुंडी) शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस आपराधिक कृत्य में संलिप्त अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।