झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नौहथिया गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां बेरोजगारी, आर्थिक तंगी और बेटियों की शादी की चिंता को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद से नौ बेटियों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
परिवार की पूरी जिम्मेदारी संभाल रही थीं बसंती देवी
मृतका बसंती देवी नौ बेटियों की मां थीं और उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय थी। आरोपी पति मनोज रजवार पिछले करीब छह महीने से घर पर बेकार बैठा हुआ था और कोई नियमित रोजगार नहीं कर रहा था। पति के काम नहीं करने के कारण घर के भरण-पोषण की पूरी जिम्मेदारी अकेले बसंती देवी के कंधों पर आ गई थी। वह कभी खेतों में मजदूरी करती थीं तो कभी अन्य छोटे-मोटे काम करके अपने परिवार का गुजर-बसर चला रही थीं। इस भारी संकट के बीच उनकी एक बेटी हैदराबाद में रहकर काम कर रही थी और अपनी कमाई से मां की आर्थिक मदद कर परिवार को संभालने में सहयोग दे रही थी।
दो बेटियों की शादी और मायके में शिकायत बना विवाद की मुख्य वजह
स्वजनों और स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हाल के महीनों में मनोज की दो बड़ी बेटियों की शादी तय होनी थी। बसंती देवी लगातार अपने पति पर दबाव बना रही थीं कि घर में शादियों का खर्च जुटाना है, इसलिए वह कोई कामकाज क्यों नहीं कर रहे हैं। पत्नी की ये बातें मनोज को नागवार गुजरती थीं। इसके अलावा, मनोज इस बात से भी बेहद खफा था कि बसंती देवी उसकी बेरोजगारी की शिकायत उसके मायके और अन्य रिश्तेदारों के यहां करती थीं। इसी बात को लेकर गुरुवार की रात दोनों के बीच तीखी नोकझोक हुई, जो बाद में इस जघन्य हत्याकांड में बदल गई।
ससुराल में भी कर चुका था अजीब हरकत और शराब की लत
मृतका के भाई ने बताया कि दुर्गापूजा के ठीक बाद मनोज अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया था, जहां उसने कथित तौर पर अपने ही साले का मोबाइल चुरा लिया और वहां से चुपचाप फरार हो गया था। परिजनों के अनुसार, मनोज को शराब पीने की भी बुरी लत थी। घर में खाने-पीने की जरूरी चीजों का हमेशा अभाव रहता था, लेकिन इसके बावजूद वह शराब के लिए किसी न किसी तरह से पैसों का इंतजाम कर ही लेता था।
अस्पताल में पुलिस निगरानी में इलाजरत है आरोपी पति
नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि पत्नी बसंती देवी की हत्या करने के बाद आरोपी मनोज रजवार ने खुद भी चाकू से अपने गले पर वार कर लिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे अपनी अभिरक्षा में लिया और बेहतर इलाज के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि आरोपी के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसका विधिवत बयान दर्ज किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।