राजनीतिक मर्यादाओं को ताक पर रखने का लगाया आरोप, कहा- जनता इस आचरण को कभी माफ नहीं करेगी
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पटना में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिताजी के संबंध में की गई टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस बयान को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कड़े शब्दों में इसकी निंदा की है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राजनीतिक प्रतिस्पर्धा में वैचारिक मतभेद होना एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा और व्यवहार की गरिमा को बनाए रखना हर राजनेता का दायित्व है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने आधिकारिक वक्तव्य में कहा कि यह बेहद निराशाजनक है कि कांग्रेस पार्टी अपने राजनीतिक और चुनावी स्वार्थों को साधने के लिए अब दिवंगत व्यक्तियों और उनके परिजनों को भी राजनीति के अखाड़े में घसीटने से गुरेज नहीं कर रही है। राजनीतिक विरोध चाहे जितना भी गहरा हो, लेकिन उसकी एक शालीन सीमा और मर्यादा तय होती है, जिसका इस मामले में पूरी तरह उल्लंघन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी का यह स्तरहीन और अनुचित आचरण आज पूरे देश की जनता के सामने बेनकाब हो चुका है। देश की जनता राजनीतिक शुचिता और गरिमा के खिलाफ किए गए ऐसे कृत्यों को कभी स्वीकार नहीं करेगी और समय आने पर इसका जवाब अपने तरीके से देगी।