22 अक्टूबर को लखनऊ से निजी विमान से पहुंचकर हेलीकॉप्टर से रामपुर रवाना होंगे सपा प्रमुख, वापसी में भी कुछ देर रुकने का कार्यक्रम
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आगामी बरेली दौरे को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। उनका बरेली एयरपोर्ट पर महज दस मिनट का यह अल्प प्रवास स्थानीय पार्टी संगठन और नेताओं के बीच चर्चा का केंद्र बन गया है। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष से मुलाकात करने के लिए स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और होड़ देखने को मिल रही है।
समाजवादी पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष और पार्टी प्रवक्ता अशोक यादव द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव आगामी 22 अक्टूबर को निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह 11:45 बजे निजी विमान से बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके ठीक दस मिनट बाद, यानी सुबह 11:55 बजे वह हेलीकॉप्टर के जरिए रामपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। रामपुर में उनका मुख्य कार्यक्रम वरिष्ठ सपा नेता आजम खां और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात करने का है।
रामपुर दौरे के बाद वापसी का कार्यक्रम
रामपुर में अपनी निर्धारित बैठकों और मुलाकातों को पूरा करने के बाद अखिलेश यादव दोपहर 3:20 बजे हेलीकॉप्टर से वापस बरेली एयरपोर्ट लौटेंगे। यहां वह लगभग दस मिनट तक रुकेंगे और इसके पश्चात निजी विमान के माध्यम से वापस लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। एयरपोर्ट पर रुकने की इस बेहद सीमित अवधि के बावजूद स्थानीय नेताओं में राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने की ललक साफ दिखाई दे रही है।
सूची में नाम शामिल कराने के लिए दौड़भाग
अखिलेश यादव के एयरपोर्ट पर सीमित समय तक रुकने की सूचना मिलते ही पार्टी कार्यालयों में फोन घनघनाने लगे हैं और नेतागण पार्टी पदाधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। हर कोई इस अल्पकालिक प्रवास के दौरान सपा प्रमुख से व्यक्तिगत रूप से मिलने का अवसर पाना चाहता है। हालांकि, सुरक्षा और समय की पाबंदियों को देखते हुए यह स्पष्ट किया गया है कि मुलाकातियों की अंतिम सूची में केवल वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ पार्टी के कुछ चुनिंदा प्रमुख पदाधिकारियों को ही स्थान मिल सकेगा। यही वजह है कि टिकट और ओहदों की दौड़ से जुड़े नेता इस छोटी सी सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।