शाहदरा एसीपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कड़कड़डूमा कोर्ट के वकीलों ने किया जोरदार प्रदर्शन, पूर्वी रेंज के संयुक्त आयुक्त कार्यालय का घेराव।
दिल्ली की जिला अदालतों में पुलिस के खिलाफ चल रहे काम बंद आंदोलन के बीच कड़कड़डूमा कोर्ट के वकील आक्रामक मुद्रा में नजर आए। शाहदरा के एसीपी मनस्वी वशिष्ठ के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग और पूर्व में दर्ज मुकदमों के विरोध में वकीलों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया। वकीलों ने अदालत के बाहर मुख्य मार्ग पर बैरिकेड लगाकर रास्ता जाम कर दिया और दिल्ली पुलिस का पुतला जलाकर रोष व्यक्त किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई पुलिसकर्मी कोर्ट परिसर में आया तो उसे परिणाम भुगतने होंगे।
विवाद की पृष्ठभूमि और वकील ललित बंसल के आरोप
यह पूरा विवाद वकील ललित बंसल से जुड़े एक मामले से शुरू हुआ है। वकील ललित बंसल के अनुसार, वह अपने जीजा से संबंधित मारपीट के एक मामले में थाने गए थे। वहां हुए विवाद के दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई। उनका आरोप है कि मुन्ना बाटी नामक युवक ने उनकी शर्ट फाड़ दी और एक युवती ने उनके सिर पर प्लेट से हमला कर दिया। इसके विपरीत, पुलिस ने उन्हें ही गिरफ्तार कर लिया और बिना बयान दर्ज किए एकतरफा कार्रवाई की।
ललित बंसल ने एसएचओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि दूसरे पक्ष के चार लोगों को छोड़ने के एवज में पांच लाख रुपये की रिश्वत ली गई। जब बार एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास के साथ वह इस सिलसिले में दोबारा थाने पहुंचे, तो वहां मौजूद एसीपी मनस्वी वशिष्ठ ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल में गोलियां भरकर उसका बैरल वकीलों की तरफ कर दिया। वकीलों का कहना है कि पुलिस ने उनके पक्ष की अनदेखी की और उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की।
एसीपी की शिकायत पर वकीलों के खिलाफ मुकदमा
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस प्रशासन ने भी सख्त रुख अपनाया। सोमवार को एसीपी मनस्वी वशिष्ठ की आधिकारिक शिकायत पर शाहदरा थाने में वकीलों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस का आरोप है कि वकीलों ने सरकारी कामकाज में बाधा डाली, पुलिस अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसी कानूनी कार्रवाई के विरोध में शाहदरा बार एसोसिएशन ने मंगलवार को कड़कड़डूमा कोर्ट में हड़ताल का आह्वान किया।
सड़क जाम और संयुक्त आयुक्त कार्यालय का घेराव
मंगलवार को हड़ताल के दौरान कड़कड़डूमा कोर्ट के सैकड़ों वकील सड़कों पर उतर आए। शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास के नेतृत्व में वकीलों ने सड़क पर बैरिकेडिंग कर यातायात बाधित कर दिया। प्रदर्शनकारी वकीलों ने एसीपी शाहदरा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पूर्वी रेंज के संयुक्त आयुक्त के कार्यालय का घेराव किया। वकीलों ने मांग की है कि संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए, जबकि पुलिस अपने स्तर पर दर्ज मामलों की जांच में जुटी है।