अमदाबाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बची पत्रकार की जान, वाहन जांच के दौरान चन्नी और बलरामपुर के बीच पकड़े गए आरोपी
बिहार के कटिहार जिले के प्राणपुर थाना क्षेत्र में अवैध खाद के कारोबार और कालाबाजारी से जुड़ी खबरें प्रकाशित करने से बौखलाए अपराधियों ने एक दैनिक अखबार के पत्रकार का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। हालांकि, अमदाबाद पुलिस की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ी अनहोनी टल गई। पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर बंधक बनाए गए पत्रकार को सकुशल मुक्त कराते हुए तीन आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।
पीड़ित पत्रकार की पहचान आजमनगर थाना क्षेत्र के इमामनगर असलगंज निवासी गुलाम मुर्तजा के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपितों की पहचान कुमारीपुर निवासी मो. आशिक, मो. साबिर आलम और बोरनी कुमारीपुर निवासी मनीष कुमार गोस्वामी के रूप में की गई है। इस घटना के बाद स्थानीय पत्रकारों और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
किस तरह दिया गया अपहरण की घटना को अंजाम
घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित पत्रकार गुलाम मुर्तजा ने बताया कि वे अपने एक अन्य पत्रकार साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर प्राणपुर प्रखंड की ओर जा रहे थे। रास्ते में जब वे लघुशंका के लिए बाइक से नीचे उतरे, तभी वहां एक काले रंग की कार आकर रुकी, जिसमें तीन युवक सवार थे।
बदमाशों ने बलपूर्वक मुर्तजा को खींचकर कार के अंदर डाल लिया। इसके बाद वाहन के भीतर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा उन्हें बंधक बनाकर अमदाबाद की दिशा में ले जाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाल ही में अवैध खाद जब्ती से जुड़ी खबरें प्रकाशित होने के कारण खाद माफिया उनसे गहरी रंजिश मान रहे थे और इसी खुन्नस में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस की सक्रियता और चेक पोस्ट पर धरपकड़
घटना की भनक लगते ही पीड़ित पत्रकार के स्वजन ने तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके तुरंत बाद अमदाबाद पुलिस हरकत में आई और सभी प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया गया, जिससे जिले के सभी पुलिस चेक पोस्ट पूरी तरह सक्रिय हो गए।
अमदाबाद थानाध्यक्ष राजन कुमार ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस पूरी तरह सतर्क थी। सघन जांच के दौरान चन्नी और बलरामपुर के बीच गश्त कर रहे एसआई दिवाकर सरकार ने संदिग्ध काले रंग की कार को रोका। जब गाड़ी की तलाशी ली गई, तो उसके अंदर गुलाम मुर्तजा बंधक स्थिति में मिले। पुलिस ने तत्परता का परिचय देते हुए तीनों आरोपितों को मौके पर ही दबोच लिया।
प्राणपुर पुलिस के सुपुर्द किए गए आरोपित
इस पूरे घटनाक्रम की सूचना मिलने पर रोशना थानाध्यक्ष नित्यानंद सिंह और प्राणपुर थाना के एसआई कुमार भुवन अमदाबाद थाना पहुंचे। अमदाबाद थानाध्यक्ष राजन कुमार ने सभी आवश्यक कागजी और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुक्त कराए गए पत्रकार और हिरासत में लिए गए तीनों आरोपितों को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए प्राणपुर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित पत्रकार की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद इस मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।